Wednesday, October 21st, 2026

गाने का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड कर जम्मू की गुहिका ने कमाए 1.11 लाख रुपये 

 जम्मू 
जम्मू की रहने वाली गुहिका सचदेव महज 12 साल की उम्र में देश के लिए उदाहरण बनी हैं। गुहिका ने यूट्यूब पर अपने गाने के कुछ वीडियो डाले थे जिससे उन्हें 1 लाख 11 हजार रुपये की कमाई हुई थी। गुहिका ने ये पैसे अब कोरोना महामारी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए दान कर दिए हैं।

गुहिका ने ये पैसे जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉक्टर शशि सुधन शर्मा को दिए।गुहिका के मुताबिक, वह गाना गाती हैं और अपने गाने का वीडियो उन्होंने नवंबर में यूट्यूब पर अपलोड किया था। यह वीडियो वायरल हो गया था। गुहिका ने कहा, 'लॉकडाउन के दौरान मैं उन प्रवासी मजदूरों से मिली जो हजारों किलोमीटर पैदल चले और उन्हें बिना खाने-पानी के पैदल चलते देख मेरा दिल रो पड़ा।' गुहिका ने उम्मीद जताई है कि उनके दान किए पैसों से जरूरतमंदों की छोटी सी मदद हो जाएगी।

गुहिका का कहना है, 'अगर भगवान ने हमें सबकुछ दिया है तो हमें दूसरों की मदद करनी चाहिए।' गुहिका ने कहा कि उन्होंने अपने दादाजी और पिता से प्रेरित होकर पैसे डोनेट किए हैं। गुहिका की तारीफ करते हुए डॉक्टर सुधन ने कहा कि वह युवाओं और समाज के लिए रोल मॉडल हैं। 

 

Source : Agency

पाठको की राय